HomeHimachal3 माह पहले जहां थी शादी की खुशियां, वहां तिरंगे में लिपट...

3 माह पहले जहां थी शादी की खुशियां, वहां तिरंगे में लिपट कर आएगा भारत मां का लाल

पत्नी तनु के साथ शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे। अभी उनके हाथों की मेहंदी भी फीकी नहीं पड़ी थी कि उसके सब सपने अब सिसकियों में बदल गए हैं।

नाहन : उत्तरी सिक्किम में हुए भारी भूस्खलन के दौरान अपना बलिदान देने वाले 27 वर्षीय लांस नायक मनीष ठाकुर की पार्थिव देह मंगलवार को पैतृक गांव नहीं पहुंच सकी। परिजन दिनभर अपने लाल की पार्थिव देह के पहुंचने का इंतजार करते रहे। देश पर न्यौछावर हुए भारत मां के लाल के अंतिम दर्शनों के लिए गांव में लोगों का तांता लगा हुआ है।

गत सोमवार को जैसे ही वीर सपूत की शहादत की खबर मिली तो कई रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने पहुंच गए थे। मंगलवार को परिजन पथराई आंखों से अपने लाल की पार्थिव देह के पहुंचने की राह ताकते रहे। इस बीच सेना के अधिकारियों से सूचना मिली कि मंगलवार को लांस नायक मनीष ठाकुर की पार्थिव देह गांव नहीं पहुंच पाएगी।

बताया गया कि बलिदान मनीष ठाकुर का पार्थिव शरीर मंगलवार दोपहर ढाई बजे फ्लाइट से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ। इस बीच पहला ठहराव बरेली में हुआ। इसके बाद शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच चंडीगढ़ पहुंचने की संभावना जताई गई।

ये भी पढ़ें:  कालीढांक में भूस्खलन की चपेट में आए सरकारी और निजी वाहन, हादसा टला, गाड़ियों को नुकसान, 3 घंटे ठप रहा यातायात

पार्थिव शरीर को मंगलवार रात चंडी मंदिर स्थित कमांड अस्पताल में रखा जाएगा, जहां नियमानुसार सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। बुधवार सुबह चंडी मंदिर से उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बड़ाबन लाया जाएगा। जहां पूरे राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।

बता दें कि मनीष ठाकुर के बलिदान को लेकर स्थानीय लोग भावुक हैं और समूचे इलाके में शोक की लहर है। वह भारतीय सेना में 3 डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे। उधर, सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक रिटायर मेजर दीपक धवन ने बताया कि शहीद का बुधवार को अंतिम संस्कार होगा।

3 महीने पूर्व हुई थी शादी
3 महीने पहले जिस बेटे की बरात बड़ाबन की वादियों में गूंजती हुई निकली थी, आज वहां साल के घने जंगल भी बिल्कुल शांत हैं। 5 मार्च 2025 को मनीष ने तनु के साथ सात फेरे लिए थे। किसे पता था कि जिन वादियों में उनकी बरात की शहनाई गूंजी थी, आज इन वादियों में मनीष ठाकुर तिरंगे में लिपटकर लौटेगा।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के बागथन उपमंडल में बार-बार लग रहे पावर कट, उपभोक्ता परेशान, बिजली बोर्ड ने बताई ये वजह

पत्नी तनु के साथ शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे। अभी उनके हाथों की मेहंदी भी फीकी नहीं पड़ी थी कि उसके सब सपने अब सिसकियों में बदल गए हैं। शादी के जिन फेरों में दोनों ने जीने-मरने के वचन लिए थे, वो भी अब अधूरे रह गए हैं। किसी को नहीं पता था कि शादी की ये खुशी कुछ ही दिनों की मेहमान होगी।

8 वर्ष 8 साल की देश सेवा
15 जनवरी 1998 को जन्मे मनीष ठाकुर ने 2016 में भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा की राह चुनी थी। करीब 8 वर्ष 8 महीने सेना में रहकर उसने अपने फर्ज को पूरी निष्ठा से निभाया। पिता जोगिंद्र सिंह ने मजदूरी कर बेटे को मेहनत से तैयार किया था।

ये भी पढ़ें:  दुबई में 12 जुलाई को आध्यात्मिक और ज्योतिषीय अनुभव वैश्विक मंच पर साझा करेंगे पांवटा साहिब के आचार्य सतविंदर

मां किरण बाला के लिए मनीष की वर्दी सपनों की सबसे ऊंची उड़ान थी। उनके बलिदान ने गांव ही नहीं, पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। आंखें नम हैं, लेकिन हर सीना गर्व से भरा है। अपने पीछे मनीष पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला, पिता जोगिंद्र सिंह और एक छोटा भाई धीरज को छोड़ गए हैं।

सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि
मनीष की शहादत को लेकर सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी जा रही है। मनीष के दोस्तों के साथ साथ रिश्तेदार उन्हें याद कर रहे हैं। वहीं राजनीति से जुड़े लोग भी अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More