ऋषिकेश : उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया।
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा।
हादसे में घायल 18 लोगों को एम्स ऋषिकेश, जबकि 7 घायलों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है।
हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल भी पहुंचा। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे।
प्रशासन ने घायलों के उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मृतकों की पहचान जुटाई जा रही है, ताकि उनके परिजनों से संपर्क किया जा सके।
फिलहाल बस हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच के बाद ही दुर्घटना की असल वजह सामने आ सकेगी।



