वॉशिंगटन डीसी में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर पार्टी के दौरान होटल में उस वक्त दहशत का माहौल बन गया, जब कार्यक्रम स्थल के मुख्य सुरक्षा जांच क्षेत्र के पास फायरिंग की घटना सामने आई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य शीर्ष अधिकारियों को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने तत्काल मंच और सभा स्थल से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के बाद पूरे होटल परिसर को सील कर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक संदिग्ध हमलावर हथियार के साथ सुरक्षा जांच क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी उसने गोलीबारी शुरू कर दी। सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस दौरान एक अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित बच गया। हमलावर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
करीब 2600 मेहमानों की मौजूदगी वाले इस हाई-प्रोफाइल आयोजन में फायरिंग की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई। पत्रकार, राजनेता और अन्य मेहमान सुरक्षा के लिए टेबलों के नीचे छिप गए। कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया और बाद में रद्द कर दिया गया। अब अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद संदिग्ध हमलावर प्रवेश क्षेत्र तक कैसे पहुंचा।
घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रमुख अधिकारी सुरक्षित हैं। इस घटना ने अमेरिका में राष्ट्रपति सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती राजनीतिक हिंसा को लेकर नई बहस को जन्म दे दिया है।
उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना के बाद राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमलावर कैलिफोर्निया का रहने वाला है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने शानदार काम किया। हमलावर से पूछताछ की जा रही है। जिस सुरक्षा कर्मी को गोली लगी थी, वह सुरक्षित है। मुझ पर हुआ ये हमला बेहद चौंकाने वाला है। हमलावर को तुरंत पकड़ लिया गया था। सभी केबिनेट सदस्य सुरक्षित हैं।
