होमPoliticsविधायक सोलंकी का तीखा वार, वोट चोरी ज्ञानेश कर रहे... पुतला राहुल...

विधायक सोलंकी का तीखा वार, वोट चोरी ज्ञानेश कर रहे… पुतला राहुल गांधी का फूंक रही भाजपा, ये सिर्फ ध्यान भटकाने की कोशिश

नाहन में राहुल गांधी का पुतला फूंकने को लेकर कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर तीखा हमला बोला है।

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में राहुल गांधी का पुतला फूंकने को लेकर कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर तीखा हमला बोला है। सोलंकी ने कहा कि वोट चोरी को लेकर सवाल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से पूछे जा रहे हैं, लेकिन भाजपा पुतला राहुल गांधी का फूंक रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां कर रही है। बिंदल पर निशाना साधते हुए सोलंकी ने कहा कि प्रदेश भाजपा के पास अब सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

विधायक ने कहा कि डॉ. राजीव बिंदल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष होने के साथ नाहन विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं। उनसे एक जिम्मेदार राजनीतिक भूमिका की अपेक्षा की जाती है, लेकिन राहुल गांधी का पुतला फूंकने जैसी गतिविधियां यह सवाल खड़ा करती हैं कि भाजपा आखिर किन मुद्दों पर राजनीति कर रही है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने पहले 6 माह की मासूम को बाल्टी में डुबोकर मारा, फिर खुद दे दी जान

सोलंकी ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और वोट चोरी के आरोपों को लेकर गंभीर बहस चल रही है, जबकि भाजपा इन सवालों का जवाब देने के बजाय विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता का ध्यान भटकाने से वास्तविक सवाल खत्म नहीं हो जाते।

सोलंकी ने प्रदेश भाजपा में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर आपसी खींचतान चल रही है। भाजपा नेतृत्व अपनी अंदरूनी लड़ाई से जनता का ध्यान हटाने के लिए धरने-प्रदर्शनों और बयानबाजी का सहारा ले रहा है। विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना है, लेकिन सवाल तथ्यों और जनहित पर आधारित होने चाहिए। केवल राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए किए जाने वाले प्रदर्शनों से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता।

ये भी पढ़ें:  चूड़धार यात्रा हुई और आसान! नौहराधार-चाबधार सड़क का ट्रायल सफल, अब इतनी रह गई पैदल दूरी

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में करीब साढ़े तीन साल के कार्यकाल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। राजस्व बढ़ाने और सरकारी खर्च में बचत करने की दिशा में भी सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर अर्थव्यवस्था को मजबूती देना और आम जनता के हित में फैसले लेना है।

सोलंकी ने दावा किया कि किशाऊ बांध से जुड़े मामले में प्रदेश को करीब 1200 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ होगा, जबकि भाखड़ा नांगल बांध से भी प्रदेश को वित्तीय लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के लिए जल संसाधन और बिजली परियोजनाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए सरकार केंद्र के समक्ष लगातार अपना पक्ष रख रही है और कई मामलों में ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है।

ये भी पढ़ें:  सालाना 8 करोड़ का कारोबार कर रही सिरमौर की ये सहकारी सभा, जुड़े हैं 9 राजस्व गांव के 600 शेयर होल्डर्स

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा के पास कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए पार्टी लगातार बयानबाजी और विरोध प्रदर्शनों के जरिए जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More