नाहन : जिला सिरमौर की नाहन विधानसभा क्षेत्र के पालियों में गत दिनों सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले बर्मा पापड़ी के युवक ने PGI चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। लिहाजा, मामले में पुलिस ने अब हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
हालांकि, अभी हमलावरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। इस वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया था। ये लोग इलाके से ही ताल्लुक रखते हैं या फिर बाहरी राज्य के रहने वाले हैं। युवक पर हमला करने के पीछे हमलावरों की क्या साजिश थी। ऐसे सब सवालों का पटाक्षेप पुलिस की जांच के बाद हो सकेगा।
इस मामले में पुलिस टीमों का गठन किया गया है। वहीं, एसपी सिरमौर ने भी सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया और मामले में पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बता दें कि बर्मा पापड़ी के 29 वर्षीय जितेंद्र सिंह को 30 मई को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। घायल युवक के पिता रघुवीर सिंह ने पुलिस थाना कालाअंब को दी शिकायत में शक जाहिर किया था कि उसके बेटे जितेंद्र सिंह को किसी ने बुरी तरह मारकर सड़क से नीचे फेंका।
इसकी जानकारी उन्हें 108 एंबुलेंस के नंबर से मिली थी। बेटे को गंभीर हालत में घटनास्थल से मेडिकल कालेज नाहन ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर किया गया था। तीन दिन मौत से लड़ते हुए वह जिंदगी की जंग हार गया। जवान बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह घर का इकलौता चिराग था।
इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस कई थ्योरियों पर काम कर रही है। युवक को बुरी तरह जख्मी करने के बाद यहां लाकर सड़क से नीचे फेंका गया था या फिर वारदात को यहीं अंजाम दिया गया था। ये सब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। मौके पर गाड़ी और मोबाइल का न मिलना भी इस गुत्थी को सुलझाने में बड़ी चुनौती बना है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है।
उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही ये गुत्थी सुलझा ली जाएगी।