शिमला : शरीर झुलसा देने वाली प्रचंड गर्मी की तपिश के बाद अब हिमाचल में मौसम का मिजाज बदल गया है। दो दिन से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
मौसम केंद्र के अनुसार आज चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज तूफान चलने और वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 20 से 25 जून तक हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना है।
गत मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली। ऊंचे पहाड़ी दर्रों पर हिमपात हुआ, वहीं मैदानी इलाकों में बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया। बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग दर्रा जैसे स्थानों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जिससे पहाड़ों पर ठंडक बढ़ गई।
इसके साथ साथ शिमला, हमीरपुर और सिरमौर में रात के समय भारी वर्षा हुई, जिसने कई जगहों पर सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। हालांकि, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान अभी भी ऊना में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।