HomeHimachalSirmaurपांवटा साहिब में नवनियुक्त DSP विजय रघुवंशी ने संभाला कार्यभार, पद संभालते...

पांवटा साहिब में नवनियुक्त DSP विजय रघुवंशी ने संभाला कार्यभार, पद संभालते ही ‘एक्शन मोड’ में दिखे

नए डीएसपी ने साफ किया कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। उन्होंने विशेष रूप से नशा तस्करी और अवैध खनन (माइनिंग) पर सख्त रुख अपनाने का संकेत दिया।

पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के संवेदनशील उपमंडल पांवटा साहिब में विजय कुमार रघुवंशी ने गुरुवार को नए डीएसपी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। अपना पदभार ग्रहण करते ही नवनियुक्त डीएसपी ‘एक्शन मोड’ में नजर आए।

डीएसपी ने साफ किया कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। उन्होंने विशेष रूप से नशा तस्करी और अवैध खनन (माइनिंग) पर सख्त रुख अपनाने का संकेत दिया।

चूंकि, पांवटा साहिब की सीमाएं हिमाचल, उत्तराखंड और हरियाणा तीन राज्यों से सटी हैं। लिहाजा, यह क्षेत्र अवैध गतिविधियों के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता है।

रघुवंशी ने कहा कि इन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम करेगी। नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने को रघुवंशी ने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

ये भी पढ़ें:  चंडीगढ़-देहरादून एनएच-07 पर धौलाकुआं में बाइक हादसा, 3 युवक गंभीर घायल

इसके लिए जल्द ही विशेष अभियान और एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने इस जंग में सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की सहभागिता को अनिवार्य बताया, क्योंकि समाज की भागीदारी के बिना यह लड़ाई अधूरी रहेगी।

अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन अब खनन विभाग से निरंतर समन्वय रखेगा और रात्रि गश्त को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी व्यापक अभियान चलेगा, जिससे दुर्घटनाओं और जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिल सके।

डीएसपी रघुवंशी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका कार्यक्षेत्र केवल शहरी सीमा तक सीमित नहीं रहेगा। वे शिलाई विधानसभा क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों में भी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। वे जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे और हर शिकायत का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करेंगे।

ये भी पढ़ें:  अक्षरधाम पब्लिक स्कूल मोगीनंद का शानदार रिजल्ट, स्नेहा ने 700 में 642 अंक लेकर किया टॉप

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उनका मकसद पांवटा साहिब को शांतिप्रिय और सुरक्षित शहर बनाना है। इसके लिए पुलिस चौकियों को मजबूत किया जाएगा और पूरी टीम भावना के साथ काम किया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।

बता दें कि सरकार ने विगत बुधवार शाम ही हिमाचल पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। तबादले के आदेश जारी होने के बाद 24 घंटे के भीतर ही हुए नए डीएसपी ने पदभार ग्रहण कर मोर्चा संभाल लिया।

ये भी पढ़ें:  रामनवमी पर भूर्षिंग महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, भंडारे का आयोजन

उल्लेखनीय है कि विजय रघुवंशी के लिए सिरमौर जिला कोई नया नहीं है। वह जिला मुख्यालय नाहन में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और पांवटा साहिब उपमंडल के पुरूवाला पुलिस थाना में वह एसएचओ के पद पर रह चुके हैं। लिहाजा, उन्हें जिले की हर भौगोलिक स्थिति की अच्छी खासी जानकारी है।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More