HomeAasthaसिरमौर के पश्मी में विधिवत रूप से विराजमान हुए छत्रधारी श्री चालदा...

सिरमौर के पश्मी में विधिवत रूप से विराजमान हुए छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज

उत्तराखंड के दसऊ गांव से 7 दिनों की कठिन पैदल यात्रा पूर्ण कर छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज का हिमाचल प्रदेश के पश्मी धाम में आगमन हुआ। रात लगभग 11 बजे महाराज शिलाई और 2 बजे पश्मी पहुंचे। पारंपरिक एवं धार्मिक मंत्रोच्चारण के बाद तड़के 4 बजे उनका मंदिर में पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वागत किया गया।

शिलाई : जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में लोक आस्था और परंपरा का एक जीवंत उदाहरण इतिहास में दर्ज हो गया है। संक्रांति के पावन अवसर पर सदियों का इंतजार  खत्म करते हुए सोमवार तड़के ठीक 4 बजे पश्मी गांव में छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज विधिवत रूप से मंदिर में विराजमान हो गए।

उत्तराखंड के दसऊ गांव से 7 दिनों की कठिन पैदल यात्रा पूर्ण कर छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज का हिमाचल प्रदेश के पश्मी धाम में आगमन हुआ। रात लगभग 11 बजे महाराज शिलाई और 2 बजे पश्मी पहुंचे। पारंपरिक एवं धार्मिक मंत्रोच्चारण के बाद तड़के 4 बजे उनका मंदिर में पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वागत किया गया।

महाराज का छत्र और पालकी के दर्शन करते ही हजारों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। जैसे ही महाराज की पावन पालकी पश्मी गांव की सीमा में पहुंची, वातावरण में एक अद्भुत आध्यात्मिक स्पंदन महसूस किया गया। मंदिर प्रांगण में प्रवेश करते ही “जय महासू महाराज” के गगनभेदी जयघोष गूंज उठे।

ये भी पढ़ें:  एकादशी पर भूर्षिंग महादेव मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नवाया शीश, 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा बनी आकर्षण

गौरतलब हो कि उत्तराखंड के दसऊ गांव से 8 दिसंबर दोपहर 2 बजे प्रस्थान कर छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज 15 दिसंबर की सुबह पश्मी धाम पहुंचे। इस देव यात्रा के दौरान करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय की गई। यात्रा के दौरान विधि-विधान, बागड़ी और पारंपरिक अनुष्ठानों के कारण देवता की औसत गति लगभग 0.44 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि प्रतिदिन औसतन 10-11 किलोमीटर का मार्ग श्रद्धा और संयम के साथ तय किया गया।

बेटियों ने पारंपरिक नाटी से किया स्वागत
उत्तराखंड और हिमाचल में लाखों लोगों के आराध्य देव छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज सदियों के इंतजार के बाद पश्मी मंदिर में विराजमान हुए। समृद्ध देव इतिहास के साढ़े 5 हजार साल से महाभारत कालीन ऐतिहासिक कालखंड में यह पहली बार है कि महाराज हिमाचल के सिरमौर में प्रवास को पधारे हैं।

ये भी पढ़ें:  संस्कृत महाविद्यालय नाहन में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष व्याख्यान, विशेषज्ञों ने दिए व्यावहारिक सूत्र

पश्मी मंदिर में आस्था और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला। यहां गांव की विवाहित और बिन ब्याही बेटियों ने एक ही रंग की परंपरागत पोशाक में महाराज का स्वागत किया और पहाड़ी नाटी डालकर खुशी का इजहार किया। श्री महासू महाराज की लंबी यात्रा में उनके साथ पहुंचे उनके बकरा भी विशेष आकर्षण के केंद्र रहे।

हजारों श्रद्धालुओं के लिए अटूट भंडारे का आयोजन किया गया है। धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन को लेकर आयोजन कमेटी के सदस्य भी एक ही तरह की पोशाक में श्रद्धालुओं को सेवाएं दे रहे हैं।

महाराज की बरांश यात्रा में पश्मी के वजीर दीवान सिंह राणा, जिन्हें क्षेत्र में “बोलता महासू” के नाम से जाना जाता है, भी साथ रहे। रविवार दोपहर द्राबिल गांव से करीब दो बजे आरंभ हुई यात्रा देर रात शिलाई पहुंची, जहां श्रद्धालु पूरी रात जागकर महाराज के स्वागत में खड़े रहे। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी रात्रि भर शिलाई में उपस्थित रहे और हिमाचल प्रदेश में महाराज के प्रवेश पर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया।

ये भी पढ़ें:  ऊना में स्कूलों के समय में आंशिक संशोधन, सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगेंगे विद्यालय : DC

उद्योग मंत्री ने इस पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि पश्चिम गांव में हिमाचल और उत्तराखंड की समृद्ध देव परंपरा का नया इतिहास लिखा गया है। वह स्थानीय एसडीएम सहित सभी प्रशासनिक व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More