हिमाचल में चिट्टे के साथ पकड़ा गया ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल नौकरी से बर्खास्त

पुलिस मुख्यालय ने यह कार्रवाई मामले की गंभीरता, विभाग की छवि पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव और बल में अनुशासन बनाए रखने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए की है।

0

शिमला : जिला शिमला के शोघी बैरियर पर चिट्टे की तस्करी करते हुए पकड़े गए शिमला ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल राहुल कुमार को पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने यह कार्रवाई मामले की गंभीरता, विभाग की छवि पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव और बल में अनुशासन बनाए रखने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए की है। पुलिस के अनुसार 22 जनवरी को तड़के करीब 2:30 बजे शोघी बैरियर पर पुलिस की नियमित नाकाबंदी और चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ से शिमला की ओर आ रहे एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन में राहुल कुमार, गौरव और विकास सवार थे, जिनके कब्जे से 9.480 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

ये भी पढ़ें:  लापरवाही : सिरमौर के इस स्कूल के लिए सरकार ने किया प्रवक्ता का डेपूटेशन पर अब तक नहीं दी तैनाती, जारी हुआ नोटिस

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर कर दी है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस में तैनात कर्मी के इस कृत्य को बेहद गंभीर माना गया है। इसी के चलते संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चिट्टा तस्करों और नशे के आदी व्यक्तियों के लिए हिमाचल पुलिस में कोई स्थान नहीं है। प्रदेश पुलिस लगातार चिट्टा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन शिमला में एक के बाद एक पुलिस कर्मियों के इस तरह के मामलों में पकड़े जाने से विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा है। जिला शिमला में इससे पहले भी चार पुलिस कर्मचारियों को चिट्टा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।

ये भी पढ़ें:  वन संरक्षण अधिनियम के लंबित प्रकरणों के जल्द निपटान के आदेश, बैठक में इन मामलों पर चर्चा