पुणे/नाहन : पुणे में आयोजित 8वीं नेशनल मास्टर्स गेम्स में जिला सिरमौर की अंतरराष्ट्रीय एथलीट सीमा परमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिस्कस थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता पुणे के संत ज्ञानेश्वर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, इंद्रायणी नगर में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के दिग्गज मास्टर्स एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।

50 प्लस आयु वर्ग की डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि हिमाचल प्रदेश की ओर से उतरी सीमा परमार ने रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में कांस्य पदक असाम के खाते में गया। सीमा परमार की इस उपलब्धि से न केवल जिला सिरमौर, बल्कि पूरे प्रदेश में खेल प्रेमियों और एथलेटिक्स से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है।
बता दें कि सीमा परमार जिला सिरमौर के सीनियर सेकंडरी स्कूल धौण में इतिहास विषय की प्रवक्ता हैं। वह मास्टर्स गेम्स में अब तक 4 बार इंडिया को रिप्रेजेंट कर चुकी हैं। सिरमौर की बेटी सीमा ने 2014 में जापान में हुई मास्टर्स एशियन चैंपियनशिप में जेवलिन में 7 पॉजिशन हासिल की थी। 2016 में सिंगापुर में भी उन्होंने जेवलिन में पार्टिसिपेट कर फ्रांस में वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह हिस्सा नहीं ले सकीं।
2018 में उन्होंने मलेशिया में 5000 मीटर वॉक में कांस्य पदक हासिल किया। मलेशिया में ही उन्होंने 21 किलोमीटर मैराथन में 10वीं पॉजिशन हासिल की थी। इसके बाद 2025 में उन्होंने चेन्नई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एशियन मास्टर्स गेम्स में 10 किलोमीटर दौड़ में 11वीं पोजिशन, हेमर में 7वीं और जेवलिन में 9वीं पोजिशन हासिल की थी।
सीमा ने 2013 से मास्टर्स गेम्स में शुरुआत की थी। सीमा ने बताया कि उन्हें बचपन से ही खेलों के प्रति बेहद रुचि थी। स्कूल और कालेज स्तर पर उन्होंने सॉफ्टबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, फुटबॉल, बेसबॉल, खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट और एथलेटिक्स में कई सीनियर नेशनल और इंटर यूनिवर्सिटी मुकाबले खेले। बतौर कैप्टन उन्होंने हिमाचल और पंजाब यूनिवर्सिटी से कई खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और नेशनल भी जीते। उन्होंने लोगों को भी फिटनेस का संदेश दिया और खेलों में अपनी रुचि बढ़ाने का आह्वान किया।



