HomeHimachalShimlaहिमाचल में HPTDC–IRCTC करार से पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार, टॉय ट्रेन...

हिमाचल में HPTDC–IRCTC करार से पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार, टॉय ट्रेन वीकेंड गेटअवे पैकेज लॉन्च

“शिमला टॉय ट्रेन वीकेंड गेटअवे” पैकेज की अवधि 2 रात और 3 दिन की रखी गई है। यह पैकेज 27 मार्च 2026 से 29 मार्च 2026 तक संचालित होगा, जिसमें प्रस्थान स्थल कालका और गंतव्य शिमला रहेगा। यात्रा के पहले दिन पर्यटक कालका रेलवे स्टेशन से चार्टर्ड टॉय ट्रेन कोच के माध्यम से शिमला तक दर्शनीय यात्रा करेंगे और पर्यटन निगम के होटल हॉलीडे होम में ठहरेंगे।

सत्य देव शर्मा सहोड़
शिमला : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC)और आईआरसीटीसी (IRCTC) के बीच हुए समझौता ज्ञापन के बाद प्रदेश पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। इस करार के तहत दोनों संस्थानों ने संयुक्त रूप से पर्यटकों के लिए एक विशेष “शिमला टॉय ट्रेन वीकेंड गेटअवे” पैकेज शुरू किया है, जिसमें रेल यात्रा, ठहराव और स्थानीय भ्रमण की समग्र व्यवस्था शामिल की गई है। इसका उद्देश्य निगम की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यटकों को सुगम, किफायती और सुव्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

इस रणनीतिक सहयोग के अंतर्गत एचपीटीडीसी और आईआरसीटीसी देशभर के पर्यटकों के लिए अनुकूलित यात्रा पैकेज विकसित करेंगे, जिनमें परिवहन, ठहराव और आतिथ्य सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इन पैकेजों में भारतीय रेल की सेवाओं के साथ पर्यटन निगम के होटलों में ठहरने की सुविधा शामिल रहेगी, जिससे यात्रियों को एक गंतव्य से दूसरे गंतव्य तक बिना असुविधा के यात्रा करने का अवसर मिलेगा। इस पहल से अंतिम छोर कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटकों को पूरी यात्रा के दौरान मानकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

ये भी पढ़ें:  धौण स्कूल में लगा हेल्थ चेकअप कैंप, 150 बच्चों समेत अभिभावकों व कर्मियों की जांच के साथ दिए हेल्थ टिप्स

आईआरसीटीसी और भारतीय रेल के व्यापक नेटवर्क का लाभ उठाकर पर्यटन निगम निजी क्षेत्र के खिलाड़ियों के साथ प्रभावी प्रतिस्पर्धा कर सकेगा। इससे निगम को अखिल भारतीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसके परिणामस्वरूप निगम होटलों की ऑक्यूपेंसी में वृद्धि होगी और उपलब्ध अधोसंरचना का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

इसी क्रम में शुरू किए जा रहे “शिमला टॉय ट्रेन वीकेंड गेटअवे” पैकेज की अवधि 2 रात और 3 दिन की रखी गई है। यह पैकेज 27 मार्च 2026 से 29 मार्च 2026 तक संचालित होगा, जिसमें प्रस्थान स्थल कालका और गंतव्य शिमला रहेगा। यात्रा के पहले दिन पर्यटक कालका रेलवे स्टेशन से चार्टर्ड टॉय ट्रेन कोच के माध्यम से शिमला तक दर्शनीय यात्रा करेंगे और पर्यटन निगम के होटल हॉलीडे होम में ठहरेंगे। इसी दिन शिमला के स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कार्यक्रम में शामिल है। दूसरे दिन कुफरी और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों, जिनमें हिमालयन नेचर पार्क और जाखू मंदिर शामिल हैं, का भ्रमण कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  सरकारी स्कूलों में CBSE बोर्ड के प्रति भारी उत्साह, मंडी में 12 हजार से अधिक बच्चों ने लिया प्रवेश

इस पैकेज में नाश्ते की सुविधा भी शामिल है और इसकी कीमत ₹8,255 प्रति व्यक्ति से प्रारंभ रखी गई है, जिसमें सभी कर सम्मिलित हैं। ऐतिहासिक टॉय ट्रेन यात्रा, होटल हॉलीडे होम में ठहराव और स्थानीय व्यंजनों का अनुभव इस पैकेज की विशेषता है।

एचपीटीडीसी और आईआरसीटीसी के बीच यह समझौता ज्ञापन 10 फरवरी को औपचारिक रूप से हस्ताक्षरित किया गया। एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर आईआरसीटीसी की ओर से क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ से मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक हरजोत सिंह संधू और संयुक्त महाप्रबंधक हर्ष दीप, जबकि हिमाचल पर्यटन निगम की ओर से प्रबंध निदेशक राजीव कुमार, महाप्रबंधक अनिल तनेजा और उप महाप्रबंधक विपणन धीरज बाली उपस्थित रहे। पर्यटक अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट irctctourism.com पर विज़िट कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में महंगी हुई अंग्रेजी शराब, 100 रुपये तक बढ़े दाम, जानें कौन सा ब्रांड कितने में मिलेगा
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More