नाहन : चिट्टे के एक मामले में गिरफ्तार हरिपुरधार CHC के डॉक्टर को 3 दिन के पुलिस रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने 31 मार्च को नाहन के कंगनीवाला नेचर पार्क के समीप 2 युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में हरिपुरधार अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. आदित्य शर्मा की संलिप्तता भी सामने आई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने 31 मार्च 2026 को ND&PS एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आया कि डॉ. आदित्य शर्मा ने अभिमन्यु ठाकुर और भानु गर्ग को स्कूटी पर नारायणगढ़ भेजकर 6.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन मंगवाई थी। पुलिस को डिजिटल लेनदेन और व्हाट्सएप चैट के रूप में अहम साक्ष्य मिले हैं, जिनसे इस पूरे नेटवर्क की पुष्टि हुई है।
पूछताछ के दौरान चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप हरियाणा के विक्की नामक व्यक्ति से खरीदी गई थी। वहीं जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चिकित्सक वर्ष 2020 से नशे का आदी है और दिन में कई बार इंजेक्शन के जरिए नशा करता है। फिलहाल डॉ. आदित्य को 3 दिन के पुलिस रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा को गहन जांच के लिए SFSL भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कालाअंब-नाहन नेशनल हाईवे पर सिरमौर पुलिस की डिटेक्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 6.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों की पहचान भानु गर्ग और अभिमन्यु ठाकुर के रूप में हुई, जो नाहन के रहने वाले हैं। इन आरोपियों से पूछताछ के बाद डॉ. आदित्य को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। अब अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है। बहरहाल, चिट्टा मामले में किसी डॉक्टर की संलिप्तता का प्रदेश में ये पहला मामला माना जा रहा है।
