राजगढ़ : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के सिविल अस्पताल राजगढ़ के शौचालय से भ्रूण बरामद होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक नाबालिग किशोरी की पहचान कर ली है और उससे जुड़े पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नाबालिग पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी, जहां शौचालय में उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद वह वहां से चली गई थी। पुलिस ने किशोरी को तलाश कर पूछताछ की, जिसमें उसने एक युवक पर यौन शोषण के आरोप लगाए। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह मामला बुधवार सुबह उस समय सामने आया जब अस्पताल का सफाई कर्मचारी नियमित ड्यूटी के दौरान शौचालय पहुंचा और टॉयलेट शीट में फंसी संदिग्ध वस्तु को देखा। करीब से जांच करने पर भ्रूण होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई और मामला पुलिस तक पहुंचा।
बरामद भ्रूण को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक तौर पर इसकी आयु 4 से 5 माह के बीच आंकी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि भ्रूण मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मृत्यु हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने कहा कि मामला संवेदनशील है, इसलिए जांच गंभीरता के साथ की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।