शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम शनिवार से फिर करवट लेने जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेशभर में साफ मौसम के चलते तापमान में 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन आने वाले दिनों में हालात बदलने वाले हैं।
मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ 2 मई को फिर सक्रिय होगा और 3 मई से अपना असर दिखाएगा। इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी, भारी ओलावृष्टि और बारिश का दौर शुरू होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कल के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में तापमान अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 2 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 3 और 4 मई को पश्चिमी विक्षोभ का व्यापक असर देखने को मिलेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना है। प्रदेश में 5 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है।
वहीं, प्रदेश में लगातार बदलते मौसम ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में शिमला, सोलन और सिरमौर के कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि हुई।
शिमला के कई क्षेत्रों में सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई बगीचों में एंटी हेल नेट फट गए, बांस टूट गए और सेब के पेड़ तक क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इसके साथ साथ निचले इलाकों में गेहूं की पकी फसल को नुकसान हुआ है। कई इलाकों में अभी गेहूं कटाई का काम चला हुआ है। ऐसे में गेहूं की फसल खेतों में भीग गई। कुल मिलाकर बेमौसम बारिश से खेती को भारी क्षति पहुंच रही है। वहीं, आगामी खराब मौसम की चेतावनी ने फिर किसानों और बागवानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
