सोलन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के कसौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़वा के तहत जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग पर मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां सड़क पर कार्य कर रहा बुलडोजर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक गोपाल दास निवासी गांव करली, जिला शिमला की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग की मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा था। दोपहर बाद करीब 2:30 बजे कामली क्षेत्र में सड़क किनारे की जमीन अचानक धंस गई। इससे सड़क पर कार्य कर रहा बुलडोजर संतुलन खो बैठा और खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि बुलडोजर के परखच्चे उड़ गए। चालक गोपाल दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बुलडोजर का सहायक मशीन से नीचे सड़क पर कार्य कर रहा था, जिसके चलते वह दुर्घटना की चपेट में आने से बच गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतक गोपाल दास इसी माह सेवानिवृत्त होने वाले थे। इससे पहले उनकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जहां रिटायरमेंट के जश्न की तैयारियां की जानी थी, वहां अब मातम पसरा है। उधर, एसपी टीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
