HomeHimachalMandiसाढ़े तीन साल में हिमाचल को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर ले...

साढ़े तीन साल में हिमाचल को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर ले गई सुक्खू सरकार: सौदान

सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को भी समाप्त करने का काम किया। हिमकेयर, सहारा और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के तहत अस्पतालों के करोड़ों रुपये लंबित पड़े हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

मंडी :  स्थानीय विपाशा सदन में भारतीय जनता पार्टी मंडी का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सौदान सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी और भ्रष्ट सरकार साबित हुई है। अपने लगभग साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और प्रदेश को आर्थिक संकट, प्रशासनिक अव्यवस्था तथा विकासहीनता की ओर धकेल दिया गया है।

सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही हिमाचल को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर पहुंचा दिया। प्रदेश की आर्थिक स्थिति आज इतिहास के सबसे गंभीर संकट में है और कुल कर्ज 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।

वर्ष 2022 तक पिछले लगभग 30 वर्षों में प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने केवल साढ़े तीन वर्षों में ही 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नया कर्ज ले लिया। आज हिमाचल का प्रत्येक नागरिक औसतन 1 लाख 40 हजार रुपये के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास कार्यों के लिए धन नहीं होने की बात करती है, जबकि अपने मित्रों और करीबी लोगों की शानो-शौकत पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, शिक्षण संस्थानों में शिक्षक नहीं हैं और विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। भाजपा सरकार के समय शुरू की गई सैकड़ों परियोजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या उनकी गति धीमी कर दी गई है।

ये भी पढ़ें:  नाहन शहर में 3 क्रेच केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका पदों के लिए मांगे आवेदन, 24 को होंगे साक्षात्कार

सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को भी समाप्त करने का काम किया। हिमकेयर, सहारा और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के तहत अस्पतालों के करोड़ों रुपये लंबित पड़े हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन 6-6 महीने की देरी से मिल रही है, जिससे लाखों गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग परेशान हैं। गृहिणी सुविधा योजना, शगुन योजना, स्वावलंबन योजना और कन्यादान योजना जैसी महिला हितैषी योजनाओं को बंद कर कांग्रेस सरकार ने अपना महिला विरोधी चेहरा उजागर किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में झूठी गारंटियों के माध्यम से प्रदेश की भोली-भाली जनता को ठगने का काम किया। महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। युवाओं को पांच लाख नौकरियों का सपना दिखाया गया, लेकिन रोजगार देने के बजाय हजारों पद समाप्त कर दिए गए। प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और हजारों पद खाली होने के बावजूद सरकार उन्हें भरने को तैयार नहीं है।

ये भी पढ़ें:  मन की आंखों से बनाई राह और फतह कर दी दुनिया की सबसे ऊंची चोटी 'माउंट एवरेस्ट', बनीं पहली दृष्टिबाधित महिला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि साढ़े तीन साल का कांग्रेस शासन पूरी तरह जनविरोधी रहा है। कांग्रेस सरकार ने एचआरटीसी किराये, पानी के बिलों, डिपो राशन, स्टांप ड्यूटी, सीमेंट और एंट्री टैक्स के माध्यम से जनता पर भारी आर्थिक बोझ डालकर गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।

उन्होंने कहा कि शांत हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान गैंगवार, हत्या, लूट, फिरौती और माफियाराज जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। सरकार और अधिकारी केवल एक-दूसरे पर दोषारोपण करते रहे, जबकि प्रदेश की जनता असुरक्षा और अव्यवस्था का सामना करती रही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जिन झूठी गारंटियों के आधार पर सत्ता में आई थी, वही गारंटियां आज प्रदेश की जनता के दिलों में पीड़ा बन चुकी हैं। 28 लाख महिलाएं 42 महीनों से 1500 रुपये प्रतिमाह की प्रतीक्षा कर रही हैं। पांच लाख युवा रोजगार और सरकारी नौकरियों के इंतजार में आंदोलन करने को मजबूर हैं। किसान, बागवान, कर्मचारी, व्यापारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी सभी कांग्रेस सरकार की नीतियों से परेशान हैं।

ये भी पढ़ें:  PMGSY-4 के तहत हिमाचल की 1500 सड़कों के लिए 2300 करोड़ रुपए स्वीकृत : विक्रमादित्य सिंह

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने ग्राम पंचायतों, बीडीसी, जिला परिषदों, नगर परिषदों और नगर निगमों के खातों से धन निकालकर प्रदेश सरकार के खाते में डाल दिया, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए। यह जनता के साथ सीधा विश्वासघात है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भाजपा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं और झूठी गारंटियों की सच्चाई जनता तक पहुंचाएं और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।

इस अवसर पर प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक अनिल शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, विधायक पूर्ण चंद और पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More