HomeHimachalSirmaurचूड़धार में बर्फ का सीना चीर निकलेगी पानी की धार, सेवादारों ने...

चूड़धार में बर्फ का सीना चीर निकलेगी पानी की धार, सेवादारों ने झोंकी ताकत, 15 मई से लंगर की तैयारी

चोटी पर कई स्थानों पर पानी की पाइपें तीन से सात फीट मोटी बर्फ की परत के नीचे दबीं हैं, जिन्हें निकालकर दोबारा चालू कर पानी की आपूर्ति करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन कुदरत की कड़ी चुनौतियों के बीच चूड़ेश्वर सेवा समिति के सेवादारों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

हरिपुरधार : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में पिछले करीब छह माह से ठप पड़ी पेयजल आपूर्ति को बहाल करने के लिए चूड़ेश्वर सेवा समिति के सेवक कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के बीच दिन-रात जुटे हैं।

चोटी पर कई स्थानों पर पानी की पाइपें तीन से सात फीट मोटी बर्फ की परत के नीचे दबीं हैं, जिन्हें निकालकर दोबारा चालू कर पानी की आपूर्ति करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन कुदरत की कड़ी चुनौतियों के बीच चूड़ेश्वर सेवा समिति के सेवादारों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

सेवादारों को बर्फ काटकर पाइपलाइन तक पहुंचना पड़ रहा है। कई जगह पाइप पूरी तरह जम चुकी हैं, ऐसे में पानी का प्रवाह बहाल करने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। कठिन मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद समिति के सदस्य लगातार काम में जुटे हैं, ताकि 15 मई से पहले हर हाल में पेयजल व्यवस्था बहाल की जा सके।

ये भी पढ़ें:  शराब कारोबारी पर लगाया 24.77 लाख रुपये का कर व जुर्माना, राज्य कर एवं आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

दरअसल, चूड़ेश्वर सेवा समिति 15 मई से चूड़धार में लंगर सेवा शुरू करने जा रही है। इसके लिए पानी की आपूर्ति सुचारू होना बेहद जरूरी है। इन दिनों रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे हैं, लेकिन लंगर सेवा शुरू न होने के कारण श्रद्धालुओं को ढाबों में महंगा भोजन करना पड़ रहा है। समिति का कहना है कि लंगर शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन के साथ ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

भारी बर्फबारी का असर चूड़धार की शौचालय व्यवस्था पर भी पड़ा है। अधिकांश शौचालय बंद पड़े हैं। हालांकि समिति ने महिलाओं के लिए दो शौचालय चालू कर दिए हैं, जबकि बाकी शौचालयों को शुरू करने का काम भी तेजी से चल रहा है।

ये भी पढ़ें:  कांगड़ा में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन : चरस, हेरोइन और ₹78,000 कैश के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबू राम शर्मा ने बताया कि 15 मई से समिति द्वारा लंगर सेवा शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन दिनों रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे हैं और उनके ठहरने की पूरी व्यवस्था समिति द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण सभी शौचालय बंद पड़े थे, जिनमें से महिलाओं के लिए दो शौचालय चालू कर दिए गए हैं और बाकी को भी जल्द बहाल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समिति का अभी एक ही मकसद है। बर्फ की कैद में दबी पाइपलाइनों को मुक्त करना, ताकि 15 मई से शिरगुल महाराज के दर पर लंगर की खुशबू फिर से महक सके और किसी भी श्रद्धालु को खाली पेट न सोना पड़े।

ये भी पढ़ें:  राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए जारी होंगे 10 करोड़ रुपयेः मुख्यमंत्री
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More