मंडी : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के प्रसिद्ध शिकारी देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे चार युवकों की आल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार जंजैहली पुलिस को गत रात करीब एक बजे सूचना मिली कि शिकारी माता सड़क मार्ग पर कार (HP 87-2981) दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान भूपेंद्र राज और हेत राम के रूप में हुई है, जो थुनाग क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं घायलों में योगराज और पूर्णचंद शामिल हैं, जिनमें एक थुनाग और दूसरा पांगणा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। दोनों घायलों का उपचार श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु शिकारी माता के दर्शन कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
