पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में आधी रात घर की पार्किंग में खड़ी कार में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने इस वारदात का खुलासा करते हुए हरियाणा के यमुनानगर जिले से दोनों आरोपियों को दबोचा। मामले में अन्य पहलुओं को लेकर भी जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 को रणजीत सिंह पुत्र डॉ. मनमोहन सिंह निवासी वार्ड नंबर-8, कोर्ट रोड पांवटा साहिब ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 3 मई की रात करीब दो बजे शोर और धुएं की वजह से उनकी नींद खुली।
जब वह घर के गेट की तरफ पहुंचे तो देखा कि उनकी कार HP17G-1000 आग की लपटों में घिरी हुई थी। पड़ोसियों की मदद से बड़ी मुश्किल से गाड़ी को बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन तब तक पूरी कार जल चुकी थी।
शिकायतकर्ता ने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें दिखाई दिया कि दो बाइकों पर पांच युवक आए थे। आरोपियों ने बाइक थोड़ी दूरी पर खड़ी की और घर के गेट के अंदर पेट्रोल छिड़ककर कार में आग लगा दी, जिसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले में थाना पांवटा साहिब में धारा 326(g), 324(4) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
जांच के दौरान साइबर सेल पांवटा साहिब की सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 13 मई को आरोपी कमल (21) निवासी गांव भगवानपुर, डाकघर फतेहपुर, तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) और निखिल (21) निवासी गांव बुढ़िया चुंगी, डाकघर व तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और वारदात में शामिल अन्य युवकों की भूमिका को लेकर भी पड़ताल जारी है।
