बराड़ा/धौलाकुआं : ट्यूशन टीचर अमनदीप कौर हत्याकांड की जांच और तेज हो गई है। शुक्रवार को हरियाणा पुलिस आरोपी संदीप कुमार को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां पूरे क्राइम सीन को रीक्रिएट करवाया गया। अदालत से आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है और अब पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड की हर कड़ी जोड़ने में जुट गई है।
डीएसपी बराड़ा सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस हत्या से लेकर शव ठिकाने लगाने तक की पूरी चेन को खंगाल रही है। इसी कड़ी में आरोपी को उन स्थानों पर ले जाया गया, जहां वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार हुई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
जांच में अब यह भी सामने आया है कि मृतका अमनदीप एक संपन्न परिवार से संबंध रखती थी और काफी हाईली क्वालिफाइड थी। वह कुछ खास परिवारों के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी और अपने परिवार का सहारा बनी हुई थी। युवती का एक भाई विदेश में रह रहा है, जो अपने परिवार को आर्थिक मदद भी प्रदान कर रहा है। पुलिस जांच में यह खुलासा भी हुआ है कि आरोपी संदीप कुमार युवती से पैसे भी लेता था। आरोपी बैटरियों का काम करता था और शादीशुदा है। उसके बच्चे भी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अब कुछ ऐसे सवालों की जांच में भी जुटी है कि आरोपी और युवती के बीच संपर्क कब शुरू हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध कैसे बने। आखिर ऐसी कौन सी वजह रही कि आरोपी ने युवती की हत्या कर शव को हरियाणा से हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले तक ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कई अहम बिंदुओं पर जांच जारी है और सभी तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। डीएसपी सुरेश शर्मा ने कहा कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी से पूछताछ के आधार पर हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से सख्त पूछताछ की जाएगी, ताकि इस खौफनाक हत्याकांड की पूरी साजिश और इसके पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके।
