मंडी : नगर निकाय चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद रविवार देर शाम जोगिंद्रनगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जीत का जश्न मना रहे प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ में एक आवारा सांड अचानक घुस गया।
घटना पुलिस थाने के समीप राजकीय बाल पाठशाला के मुख्य गेट पर पेश आई, जहां मतगणना के बाद भारी भीड़ जुटी हुई थी। इस घटना में सात लोगों को आंशिक चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सैकड़ों लोगों की भीड़ के बीच आवारा बैल अचानक मतगणना स्थल की ओर दौड़ पड़ा। सांड को अपनी तरफ आता देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों, चुनावी ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारियों और समर्थकों में हड़कंप मच गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए।
इस घटना के दौरान कवरेज के लिए तैनात मीडियाकर्मियों को भी सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ना पड़ा। इस हमले में स्थानीय निवासी राज सहित शहरी क्षेत्र के छह अन्य लोग चोटिल हुए हैं। हालांकि सभी को मामूली चोटें आई हैं।