बिलासपुर : जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तीव्र गति से जारी हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत अब मतपत्र लेखन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले को लगभग 15 लाख मतपत्र प्राप्त हुए हैं, जिन्हें संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारियों को समान रूप से वितरित कर दिया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि सामान्यतः कुल मत पत्रों में 10 से 15 प्रतिशत अतिरिक्त मत पत्र भी रखे जाते हैं, ताकि प्रिंटिंग, लेखन अथवा टाइपिंग संबंधी किसी तकनीकी त्रुटि की स्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि 23 मई तक मतपत्र लेखन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला के चारों उपमंडलों में मतदान कर्मियों की रिहर्सल भी लगातार आयोजित की जा रही है।
इसके अतिरिक्त तीन चरणों में प्रस्तावित पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के लिए मतदान दलों को मतदान से दो दिन पूर्व संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया जाएगा, ताकि समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से चुनाव प्रक्रिया पूरी की जा सके।
उन्होंने विकास खंड बिलासपुर सदर में 50 बैलेट पेपर के अनुपलब्ध (मिसिंग) होने के मामले पर कहा कि इस संबंध में सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एआरओ को हटा दिया है तथा इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज करवा दी गई है। इसके अतिरिक्त संबंधित अधिकारी के निलंबन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को अनुशंसा प्रेषित कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि चुनाव टीमें पूरी सतर्कता के साथ मतपत्रों के लेखन का कार्य कर रही हैं। कुछ मतपत्र प्रिंटिंग, लेखन अथवा टाइपिंग संबंधी किसी तकनीकी त्रुटि के कारण खराब हो जाते हैं उन्हें अमान्य घोषित कर दिया जाता है।
उपायुक्त ने कहा कि आगामी 26, 28 एवं 30 मई को आयोजित होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।
