राजगढ़ : सिरमौर जिले के छोटे से गांव सुरला की बेटी श्वेता शर्मा ने TGT (Arts) भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा घोषित TGT (Arts) पोस्ट कोड-25001 के अंतिम परिणाम में श्वेता शर्मा का चयन हुआ है।
कमलेश शर्मा की पुत्री श्वेता शर्मा की यह उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर शिक्षक बनने का सपना पूरा करने वाली श्वेता ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी मेहनत और लगन के दम पर सफलता प्राप्त की है।
श्वेता की इस उपलब्धि पर गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए भी यह उपलब्धि प्रेरणादायक मानी जा रही है।
गौरतलब है कि TGT (Arts) पोस्ट कोड-25001 के तहत कुल 425 पदों को भरा गया है। भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रदेशभर से 44,155 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 38,220 अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल हुए। इसके बाद मेरिट के आधार पर 664 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया था। ऐसे कड़े मुकाबले में अंतिम चयन सूची में स्थान बनाकर श्वेता शर्मा ने अपनी प्रतिभा और अथक मेहनत का परिचय दिया है।
