होमAdministrationजनगणना-2027: DC राहुल कुमार खुद मैदान में उतरे, घर-घर जाकर परखी गणना...

जनगणना-2027: DC राहुल कुमार खुद मैदान में उतरे, घर-घर जाकर परखी गणना की रफ्तार

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत बिलासपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनगणना की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।

बिलासपुर : उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत बिलासपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनगणना की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के साथ विभिन्न परिवारों से मुलाकात कर गणना कार्य का अवलोकन किया तथा लोगों से सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 16 जून से आरंभ हो चुका है, जो आगामी 15 जुलाई तक जारी रहेगा। इस अवधि के दौरान जिला में 897 प्रगणक एवं सुपरवाइजर घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार जानकारी एकत्र कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है तथा प्रगणक एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से जानकारी एकत्र कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला: पहली सांस्कृतिक संध्या में ये स्टार कलाकार बिखेरेंगे अपनी आवाज का जादू

राहुल कुमार ने कहा कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा विकास संबंधी नीतियों का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि सही एवं सटीक जानकारी देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, ताकि प्राप्त आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं का आधार बन सके। उन्होंने लोगों से जनगणना कर्मियों का पूरा सहयोग करें तथा सभी प्रश्नों के सही एवं तथ्यात्मक उत्तर देने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने बताया कि प्रथम चरण के दौरान प्रगणक 33 निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से मकान, परिवार, पेयजल, बिजली, शौचालय, खाद्यान्न तथा अन्य घरेलू सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र कर रहे हैं। जिन नागरिकों ने 1 जून से 15 जून 2026 के दौरान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना पूरी की है, वह अपनी स्वगणना आईडी प्रगणकों को उपलब्ध करवाएं।

ये भी पढ़ें:  विधायक अजय सोलंकी ने छोड़ी बिजली सब्सिडी, 100 उपभोक्ता भी आए आगे

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान केवल अधिकृत कर्मचारी ही जानकारी एकत्र करते हैं। सभी जनगणना कर्मियों के पहचान पत्रों पर क्यूआर कोड अंकित है, जिसे स्कैन कर उनकी पहचान सत्यापित की जा सकती है।

उन्होंने नागरिकों को आगाह किया कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा बैंक खाता, ओटीपी, एटीएम अथवा अन्य वित्तीय जानकारी नहीं मांगी जाती। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  20 दिन में 29,385 लोगों तक पहुंचा योग का संदेश, बिलासपुर में आयुष विभाग का अभियान बना जनआंदोलन

Latest Articles

Explore More