नाहन : दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के बाद सिरमौर में संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से बरसात के दौरान नदियों, खड्डों और नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 1077 या 112 पर सूचना देने की अपील की है।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि सिरमौर जिला विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अति संवेदनशील है। मानसून के दौरान जिले में भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने लोगों को नदियों, खड्डों और नालों के समीप जाने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इनमें तैरने, नहाने, कपड़े धोने या अन्य गतिविधियां करने से परहेज करें।
उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि बरसात के मौसम में नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें। साथ ही खराब मौसम की अग्रिम जानकारी के लिए सचेत और दामिनी ऐप का उपयोग करें।
उपायुक्त ने मानसून सीजन के दौरान सिरमौर आने वाले पर्यटकों के लिए भी परामर्श जारी किया है। उन्होंने पर्यटकों से भूस्खलन, अचानक बाढ़ और अन्य प्राकृतिक खतरों वाले क्षेत्रों में न जाने, मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने, बरसात के दौरान नदी-नालों और पहाड़ों की ऊंची चोटियों की ओर न जाने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में उपायुक्त कार्यालय स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के निशुल्क दूरभाष नंबर 1077 और 112 पर तुरंत सूचना दें। साथ ही सभी ग्राम पंचायतों, स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने और सतर्क रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
