श्री रेणुकाजी : मां-बेटे के मिलन की सदियों पुरानी परंपरा, देव आस्था और धार्मिक उल्लास के बीच अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 का आगाज हो गया।
वीरवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भगवान परशुराम जी की देव पालकी को कंधा लगाकर इस ऐतिहासिक परंपरा में भागीदारी निभाई और छह दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मेला 19 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा।
मेले के शुभारंभ से पहले उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को दो बड़ी सौगातें देते हुए संगड़ाह और ददाहू में नए बस अड्डों का शिलान्यास किया। संगड़ाह में ₹1.60 करोड़ और ददाहू में ₹3.76 करोड़ की लागत से बस अड्डों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाओं को रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा।
इस दौरान ददाहू से लाना चेता और ददाहू से पांवटा साहिब के लिए एचआरटीसी की दो नई बस सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई गई। इनमें ददाहू से पांवटा साहिब के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शामिल है।
श्री रेणुकाजी पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार ददाहू से भगवान परशुराम जी की भव्य देव शोभायात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री ने देव पालकी को कंधा लगाकर धार्मिक रस्म निभाई।
उन्होंने कहा कि श्री रेणुकाजी मेला हिमाचल प्रदेश के प्राचीन और पौराणिक मेलों में शामिल है। जनश्रुति के अनुसार भगवान परशुराम वर्ष में एक बार जामूकोटी से अपनी माता श्री रेणुका जी से मिलने आते हैं। मां के वात्सल्य और पुत्र की श्रद्धा का यह अनूठा मिलन लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। यह मेला प्रदेश की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
इस अवसर पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं सिरमौर जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष श्यामा ठाकुर, विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
- ये भी पढ़ें : मुख्यमंत्री से संवाद में बोले किसान, अब पता चला जमीन उगलती है सोना, प्राकृतिक खेती से मिल रहे उचित दाम
- ये भी पढ़ें : 21 नवंबर से बंद होंगे देव कमरूनाग मंदिर के कपाट, भारी बर्फबारी की संभावनाओं के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला





