HomeHimachalChambaहिमाचल में चलती बस के अंदर घुसी पहाड़ी से गिरी भारी चट्टान,...

हिमाचल में चलती बस के अंदर घुसी पहाड़ी से गिरी भारी चट्टान, एक की मौत, कई घायल, मची चीख-पुकार

राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर रविवार सुबह चलती एक निजी बस के अंदर पहाड़ी से गिरी चट्टान घुस गई। इस भयावह हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस की सीटें तक चकनाचूर हो गईं

चंबा : हिमाचल प्रदेश में चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर रविवार सुबह चलती एक निजी बस के अंदर पहाड़ी से गिरी चट्टान घुस गई। इस भयावह हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस की सीटें तक चकनाचूर हो गईं और एक सीट उखड़कर बीच में जा पहुंची।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे गहरा के समीप बत्ती की हटी के पास हुआ। ये निजी बस भरमौर से चंबा की ओर आ रही थी, जैसे ही बस गहरा के समीप पहुंची तो अचानक पहाड़ी से भारी भूस्खलन शुरू हो गया और बड़े-बड़े पत्थर सीधे बस पर आ गिरे। चश्मदीदों के मुताबिक, पत्थरों की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक भारी पत्थर बस के शीशे तोड़ते हुए अंदर तक पहुंच गया। इस अप्रत्याशित हादसे से बस के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें:  थल सेना भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा पहली जून से 15 जून तक

हादसे में गंभीर रूप से घायल साहिल ठाकुर निवासी गांव गरेड़, तहसील एवं जिला चंबा की मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि कार्तिक ठाकुर, गुड्डू देवी, बिंता, गिलमा देवी और बस चालक कुलविंदर सिंह, निवासी गांव गरेड़, डाकघर गोली, तहसील व जिला चंबा घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि भरमौर से चंबा की ओर आ रही बस पर पहाड़ी से पत्थर गिरे, जिससे एक युवक की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:  वेल्डिंग का काम सीखने गया था 18 वर्षीय युवक, करंट ने छीन ली जिंदगी; कुल्लू में हादसे से मातम
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More