नाहन : जिला सिरमौर पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक (6 माह) 163 लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया है। इनमें सबसे अधिक 102 महिलाएं, 35 पुरुष, 25 बच्चे और एक अन्य व्यक्ति शामिल है।
सिरमौर पुलिस ने गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया है, जिसमें उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने किसी के घर की खोई मुस्कान लौटाने तो किसी परिवार को अपनों से मिलाने का काम किया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि यह सफलता जिला पुलिस के मिसिंग सेल और विभिन्न पुलिस थानों की टीमों के समन्वित प्रयासों से मिली है। पुलिस की टीमों ने हिमाचल प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी तलाशी अभियान चलाकर गुमशुदा लोगों का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
जिला पुलिस का कहना है कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी अभियान जारी रहेगा।
