बद्दी : पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के निर्देशानुसार पुलिस जिला बद्दी ने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑपरेशन ‘सेफ स्ट्रीट’ के तहत पूरे क्षेत्र में विशेष सघन नाकेबंदी एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाके लगाकर 300 से अधिक वाहनों की गहन जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 चालकों के चालान किए। इस दौरान एक व्यक्ति को मौके पर गिरफ्तार किया गया, जबकि चार चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश संबंधित प्राधिकरण को भेजी गई। पुलिस की देर रात चली इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि ऑपरेशन ‘सेफ स्ट्रीट’ का उद्देश्य नशा तस्करी, अवैध खनन, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना, कानून व्यवस्था को मजबूत करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऑपरेशन ‘सेफ स्ट्रीट’ के तहत औचक नाकेबंदी, वाहन चेकिंग और अपराध नियंत्रण अभियान लगातार जारी रहेंगे।
