HomeHimachalSirmaurसांप के काटने से मजदूर की मौत के बाद मोगीनंद में बवाल,...

सांप के काटने से मजदूर की मौत के बाद मोगीनंद में बवाल, मुआवजे की मांग पर फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन; SDM ने कराया समझौता

जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड में सांप के काटने से एक मजदूर की मौत के बाद रविवार को फैक्ट्री परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

नाहन : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड में सांप के काटने से एक मजदूर की मौत के बाद रविवार को फैक्ट्री परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मुआवजे की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और अन्य मजदूरों ने शव को फैक्ट्री गेट पर रखकर प्रदर्शन किया।

मांगें पूरी नहीं होने पर कुछ मजदूरों ने गेट के बाहर से फैक्ट्री परिसर की ओर पथराव भी किया। सूचना मिलते ही एसडीएम नाहन राजीव संख्यान मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक चली वार्ता के बाद मामला शांत कराया।

मृतक की पहचान 43 वर्षीय बबलू पुत्र ब्रिज लाल निवासी गांव भटपुरा जागीर, डाकघर रडथौरा, तहसील व जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार दोपहर फैक्ट्री परिसर में काम के दौरान जहरीले सांप ने उसे काट लिया था। हालत बिगड़ने पर पहले उसे नारायणगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से अंबाला रेफर कर दिया गया। अंबाला में शनिवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:  ‘मध्यस्थता राष्ट्र 2.0 अभियान’ के तहत लंबित मामलों को सुलझाने का मौका
सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड में सांप के काटने से एक मजदूर की मौत के बाद रविवार को फैक्ट्री परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद कालाअंब पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में मजदूर शव लेकर फैक्ट्री पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि मांगों पर सहमति नहीं बनने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ मजदूरों ने फैक्ट्री गेट के बाहर से पथराव कर दिया। शाम करीब सात बजे एसडीएम नाहन राजीव संख्यान मौके पर पहुंचे। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन और मजदूरों के साथ वार्ता की, जिसके बाद देर शाम करीब आठ बजे समझौता हो गया।

एसडीएम राजीव संख्यान ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने अंतिम संस्कार के लिए मृतक के परिजनों को तत्काल ₹80 हजार नकद सहायता उपलब्ध कराई है। इसके अलावा बरेली तक शव पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और एक अन्य वाहन की व्यवस्था भी फैक्ट्री की ओर से की गई है। उन्होंने बताया कि ईएसआईसी और फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से देय मुआवजा दो सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं प्रदेश सरकार की ओर से आपदा प्रबंधन के तहत मृतक के परिजनों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  कारगिल विजय दिवस पर नाहन में अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, देश की एकता-अखंडता की दिलाई शपथ

बबलू पिछले लगभग 10 वर्षों से फैक्ट्री में कार्यरत था। वह अपने पीछे पत्नी ननी देवी, दो बेटियों (8 वर्ष और 2 वर्ष) तथा एक बेटे को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More