बद्दी : अवैध नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने लगातार तीसरे दिन बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 400 किलोग्राम अफीम डोडे की खेप बरामद की है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना नालागढ़ की टीम ने वार्ड नंबर-9 स्थित सरकारी स्कूल के समीप एक महिंद्रा फोर व्हीलर को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन में रखे 20 प्लास्टिक के बोरों से कुल 399.500 किलोग्राम अफीम डोडे बरामद हुए। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी राकेश कुमार निवासी गांव मनलोग खुर्द, डाकघर चमदार, तहसील रामशहर, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि विशेष अभियान के तहत यह लगातार तीसरे दिन की बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 24 जुलाई को स्पेशल सेल ने 58.212 किलोग्राम चूरापोस्त और 25 जुलाई को 4.048 किलोग्राम गांजा बरामद किया था।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
