राजगढ़ : नगर पंचायत राजगढ़ को बुधवार को नया नेतृत्व मिल गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम जेलदार और उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने नगर पंचायत सभागार में आयोजित समारोह के दौरान पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने दोनों जनप्रतिनिधियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा, निष्पक्षता और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के साथ ही नगर पंचायत राजगढ़ में नेतृत्व की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब विकास कार्यों, नगर पंचायत की नियमित बैठकों और शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। समारोह की खास बात यह रही कि अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित विक्रम जेलदार और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित नरेंद्र ठाकुर के निर्वाचित होने के बाद दोनों दलों के वरिष्ठ नेता एक ही मंच पर नजर आए।
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष विक्रम जेलदार ने कहा कि नगरवासियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी वार्ड सदस्यों को साथ लेकर शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्होंने संविधान के प्रति निष्ठा की जो शपथ ली है, उसका पूरी ईमानदारी से पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर नगर पंचायत के समग्र विकास और जनहित के कार्यों में सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने विश्वास जताया कि दोनों जनप्रतिनिधि संविधान की मर्यादा का पालन करते हुए नगर पंचायत के विकास और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
इस अवसर पर सतीश ठाकुर, सुनील शर्मा, विवेक शर्मा, दिनेश आर्य, अजय चौहान, राजेंद्र ठाकुर, नीरज ठाकुर, अनुज ठाकुर सहित नगर पंचायत के वार्ड सदस्य, भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
