पांवटा साहिब/पुरुवाला : जिला सिरमौर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 3 लोग घायल हो गए। पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में नाहन-बातापुल सड़क पर दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में 2 लोग घायल हुए, जबकि पुरुवाला थाना क्षेत्र में पिकअप की मोटरसाइकिल से टक्कर में बाइक चालक घायल हो गया। पुलिस ने दोनों हादसों में वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में रिजवान पुत्र मिट्ठूखान निवासी हरिपुर टोहाना ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह निजी कार्य से माजरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान नाहन से बातापुल की ओर आ रही Alto कार नंबर HP16-6843 और बातापुल से नाहन की ओर जा रही Swift Dzire कार नंबर HR26BZ-4531 की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
Alto कार विजेंद्र सिंह और Swift Dzire चरण सिंह चला रहे थे। हादसे में अलोक पुंडीर और Swift चालक चरण सिंह घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए जुनेजा अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार हादसा Swift चालक चरण सिंह द्वारा तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण हुआ। पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दूसरे हादसे में पुरुवाला थाना क्षेत्र के NH-707 शिलाई-पांवटा मार्ग पर नारीवाला लैबोरेट कंपनी के समीप पिकअप ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को गलत दिशा में जाकर टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल नंबर HP17J-6508 का चालक गोविंद पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह निवासी ज्वालापुर, निहालगढ़ सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
पिकअप नंबर HP85-0953 के चालक की पहचान मुकेश वर्मा निवासी शरली मानपुर, तहसील कमरऊ के रूप में हुई है। पुलिस थाना पुरुवाला में पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है।
