बद्दी : बीबीएन क्षेत्र में बागबानिया जियो पेट्रोल पंप के समीप हुए सड़क हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई। आरोप है कि कंटेनर चालक ने गलत दिशा में जाकर ओवरटेक करने का प्रयास किया और सामने से सही दिशा में आ रहे स्कूटी सवार को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक कंटेनर समेत मौके से फरार हो गया। इस पर पुलिस थाना मानपुर में आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू की।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल को राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के जरिए सीएचसी नालागढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन दीन पुत्र युसफ निवासी चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार खरियाना निवासी निर्मल सिंह सुबह अपनी गाड़ी से खेड़ा (नालागढ़) की ओर जा रहे थे। करीब 6:50 बजे बागबानिया जियो पेट्रोल पंप के पास उनके आगे चल रहे कंटेनर चालक ने गलत दिशा में जाकर ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान नालागढ़ की ओर से आ रहे स्कूटी सवार को कंटेनर ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक नालागढ़ की ओर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी नंबर HP-20F-8394 के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे में शामिल कंटेनर नंबर HP-12Q-6731 को कब्जे में लिया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक राजेश कुमार निवासी गांव समुला, डाकघर सदवां, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।