चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक अमानवीय घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपने 6 साल के मासूम को उफनती रावी नदी में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बच्चे की तलाश में पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें जुटी हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मायके में रह रही पत्नी से सोमवार रात फोन पर कहासुनी के बाद हितेश कुमार (30) ने अपने छह साल के बेटे गगनदीप को परेल पुल के पास से रावी नदी में फेंक दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह आरोपी ने हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार हितेश कुमार पुत्र जयपाल निवासी गांव डभूई, डाकघर कियाणी सोमवार रात करीब 8 बजे अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद वह अपने बेटे को लेकर परेल पुल के पास पहुंचा और उसे रावी नदी में फेंक दिया।
पुलिस को आरोपी की बात पर हुआ संदेह
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। शुरुआत में पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। इसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो बच्चा कमरे में नहीं मिला। पूछताछ में घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
रावी में बच्चे की तलाश में सर्च ऑपरेशन
बच्चे के नदी में बहने की सूचना के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने रावी नदी में सर्च अभियान शुरू किया। नदी का बहाव तेज होने के कारण तलाश में कठिनाई आ रही है। टीमें नदी के आसपास के संभावित क्षेत्रों में बच्चे की तलाश कर रही हैं।
पत्नी एक माह से मायके में रह रही थी
पुलिस के अनुसार, हितेश पिछले करीब एक वर्ष से चंबा के परेल में किराये के कमरे में रह रहा था। पहले वह बद्दी की एक निजी कंपनी में काम करता था और वर्तमान में परेल में मजदूरी कर रहा था। आरोपी की पत्नी पिछले करीब एक माह से अपने मायके अमृतसर में साढ़े तीन साल के छोटे बेटे के साथ रह रही थी। छह साल का बड़ा बेटा गगनदीप पिता के साथ परेल में ही रह रहा था।
घरेलू हिंसा के आरोप भी सामने आए
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी के शराब पीने का आदी होने की बात सामने आई है। उस पर पहले भी शराब के नशे में घरेलू हिंसा करने के आरोप लगे थे। विवाद इतना बढ़ा था कि मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। घरेलू हिंसा से परेशान होकर ही पत्नी छोटे बेटे को लेकर मायके चली गई थी।
पुलिस खंगाल रही विवाद की पूरी कड़ी
पुलिस ने आरोपी की पत्नी का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच फोन पर ऐसी क्या बातचीत हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपने बेटे को नदी में फेंक दिया।
आरोपी ने अपने पिता को भी दी थी सूचना
पुलिस को यह भी पता चला है कि बेटे को नदी में फेंकने के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद दादा और अन्य रिश्तेदारों ने भी रातभर अपने स्तर पर बच्चे की तलाश की। फिलहाल पुलिस और एनडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है।
ये भी पढ़ें : कालाअंब में नाले के तेज बहाव में बह गया 12 साल का मासूम, हरियाणा सीमा के पास मिला शव, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
ये भी पढ़ें : कबाड़ कारोबारी पर गोलीबारी के प्रयास मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी अदालत में पेश, 4 दिन के रिमांड पर भेजे
