
नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में एक युवक की कार रोककर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता युवक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने उसकी कार रोकने के बाद उसके साथ लोहे की रॉड, डंडों, मुक्कों, कड़े और पत्थरों से हमला किया। मारपीट में उसे चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार अमन सोढी निवासी वाल्मीकि मोहल्ला, नाहन ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई कि गत दिन दोपहर के समय कॉलेज से घर लौटते हुए रास्ते में कुछ युवकों ने उसकी कार रोक ली। इसके बाद कहासुनी हुई और एक समूह ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने कुछ आरोपितों की पहचान मावी (अंकित), भास्कर गुर्जर और हर्ष के रूप में की है। इसके अलावा 7-8 अन्य युवकों के भी मौके पर मौजूद होने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
