HomeHimachalSirmaurमलगांव स्कूल में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर,...

मलगांव स्कूल में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर, नशामुक्त भारत का दिया संदेश

राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

नाहन : राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और विद्यार्थियों सहित उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया। विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया।

विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापक संदीप कुमार ने विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि, अभिभावकों, गणमान्य व्यक्तियों और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और देशभक्ति वंदना प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

ये भी पढ़ें:  यादविन्द्र गोमा होंगे ऊना में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि

समारोह का खास आकर्षण नशा मुक्ति पर प्रस्तुत लघु नाटक रहा। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि मान सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का हिमाचल की जनता के नाम डिजिटल बोर्ड पर लाइव संबोधन भी सुना। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया।

ये भी पढ़ें:  अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में बहुभाषी कवि सम्मेलन में इन कवियों ने जमाई महफिल, लूटी वाहवाही

Latest Articles

Explore More