
पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक पर मंगलवार तड़के शिलाई क्षेत्र के सब्जी व्यापारी भाव सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मचे हड़कंप के बीच पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर युवक और महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, डाकघर कोटी उतरउ, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसकी उम्र 54 वर्ष थी। बताया जा रहा है कि भाव सिंह सब्जी का कारोबार करता था और मंगलवार तड़के सब्जी मंडी से लौट रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात करीब 2 बजे के आसपास भाव सिंह विश्वकर्मा चौक के पास पहुंचा और अपनी गाड़ी रोकी। इसी दौरान एक युवक और महिला ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसके गले पर गंभीर चोट आई।
हमले के बाद भी भाव सिंह ने जान बचाने के लिए घटनास्थल से करीब 150 मीटर तक भागने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह सड़क पर गिर गया। सूचना मिलने पर लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
सिविल अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलने के बाद थाना पांवटा साहिब में इस संबंध में धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
CCTV ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाया
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने विश्वकर्मा चौक और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज में एक युवक और महिला घटनास्थल के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में नजर आए।
पुलिस ने फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने उनके ठिकानों पर दबिश दी। इसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मोहम्मद आमिर उर्फ फग्गु (21) पुत्र मोहम्मद आरिफ, निवासी वार्ड नंबर 9, देवी नगर, पांवटा साहिब और रेखा उर्फ अन्नु (29) पत्नी साहिल निवासी वार्ड नंबर 7, वाल्मीकी बस्ती, पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने किया चक्का जाम
विश्वकर्मा चौक पर हुई इस वारदात से पूरे पांवटा साहिब में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में रोष फैल गया और मंगलवार को लोगों ने करीब आधे घंटे तक चक्का जाम कर दिया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हत्या की वजह अभी जांच का विषय
पुलिस दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या रही, इसका अभी पुलिस ने खुलासा नहीं किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भाव सिंह और दोनों संदिग्धों के बीच पहले से कोई जान-पहचान या विवाद था या वारदात के पीछे कोई अन्य कारण था।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, CCTV फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के संबंध में 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में उनकी संलिप्तता सामने आई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और हत्या की वजह सहित मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।