बीबीएन : बद्दी पुलिस के विशेष अभियान के तहत नशा तस्करी के खिलाफ लगातार तीसरे दिन कार्रवाई करते हुए नालागढ़ में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को स्पेशल सेल-एक्स बद्दी की टीम ने गांव कश्मीरपुर ब्राह्मणा में कार्रवाई की। टीम ने बोबी हेयर सैलून के बाहर सड़क किनारे एक व्यक्ति को काबू किया। उसकी पहचान गगनदीप उर्फ गग्गी निवासी गांव बासोवाल सुल्तानी, डाकघर वरुणा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस को उसकी मोटरसाइकिल में छिपाकर रखा गया 6.77 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। लिहाजा, पुलिस ने मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस ने 1 सितंबर को 6.70 ग्राम चिट्टा और 2 सितंबर को 508 ग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
