HomeHimachalSirmaurIIM सिरमौर के छात्र की मौत मामले की जांच करेगी SIT, SDPO...

IIM सिरमौर के छात्र की मौत मामले की जांच करेगी SIT, SDPO पांवटा साहिब को सौंपी कमान, परिजनों ने लगाए ये संगीन आरोप

IIM सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु के मामले की जांच अब विशेष जांच दल (SIT) करेगा।

नाहन/पांवटा साहिब : IIM सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु के मामले की जांच अब विशेष जांच दल (SIT) करेगा। पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने मामले की गंभीरता और मृतक के परिजनों की मांग को देखते हुए SIT का गठन किया है। SDPO पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर टीम की कमान संभालेंगे।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को पुलिस थाना माजरा में आईआईएम सिरमौर के मृतक छात्र प्रारब्ध शुक्ला के पिता अनुपम शुक्ला निवासी जबलपुर, मध्यप्रदेश की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायत में उन्होंने बेटे की संदिग्ध मृत्यु को लेकर लापरवाही, सूचना छिपाने, अपर्याप्त निगरानी तथा साथी छात्रों और संस्थान के प्रशासन पर धमकाने एवं मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता ने मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में SIT से करवाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने विशेष जांच दल गठित किया।

SIT में SHO माजरा SI कुलदीप सिंह, जांच अधिकारी ASI आशीष कुमार, HC इंद्रजीत, साइबर सेल नाहन के प्रभारी HC रोहित, HC कमाल खान और आरक्षी अशोक कुमार को सदस्य बनाया गया है।

ये भी पढ़ें:  कोटला बड़ोग विद्यालय में वार्षिक समारोह की धूम, सम्मान से नवाजे होनहार

पुलिस के मुताबिक SIT मामले की वैज्ञानिक, निष्पक्ष और गहन जांच करेगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ संस्थान के रवैये की भी गहनता से जांच की जाएगी।

बता दें कि प्रारब्ध शुक्ला की मौत के मामले में सोमवार को नाहन में उसके परिजनों ने पत्रकार वार्ता कर आईआईएम सिरमौर प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए। प्रारब्ध के पिता अनुपम शुक्ला और चाचा श्याम शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां परिजनों और पुलिस से साझा नहीं कीं। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना से कुछ दिन पहले प्रारब्ध द्वारा कलाई पर चोट पहुंचाने की जानकारी होने के बावजूद इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को क्यों नहीं दी गई?

IIM सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु के मामले की जांच अब विशेष जांच दल (SIT) करेगा।
नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते मृतक छात्र के परिजन। साथ में मौजूद समाजसेवी नाथूराम चौहान।

परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि जब प्रारब्ध परीक्षा देने नहीं पहुंचा तो संस्थान की ओर से इसकी जानकारी परिजनों को क्यों नहीं दी गई? उन्होंने आरोप लगाया कि संस्थान की ओर से घटनास्थल से जुड़े कई पहलुओं की जानकारी स्पष्ट नहीं की गई। परिजनों ने कमरे से डस्टबिन सहित कुछ सामान नहीं मिलने और घटना में इस्तेमाल बताई जा रही चुनरी को लेकर भी सवाल उठाए।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: भीषण बारिश के बीच उफनती खड्ड के बीच फंसी 25 जानें, 3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, पुलिस-होमगार्ड की बहादुरी से टला बड़ा हादसा

परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रारब्ध के शरीर पर चोटों के निशान थे और इसलिए वे उसकी मौत को लेकर आशंकित हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में कुछ छात्रों के साथ प्रारब्ध का विवाद हुआ था, जिसके बाद उसके साथ संस्थान में व्यवहार को लेकर समस्याएं बनी रहीं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस के कैंपस पहुंचने के बाद बीएमसी थर्ड ईयर के छात्रों को एक सप्ताह के लिए घर भेज दिया गया।

इसके अलावा परिजनों ने सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि संस्थान के एक अधिकारी ने छात्रों से मामले को लेकर पुलिस को जानकारी न देने की बात कही थी। परिजनों का कहना है कि उनके पास इस संबंध में अन्य सामग्री भी है, जिसे जांच एजेंसी को उपलब्ध करवाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  धर्म परिवर्तन के आधार पर आरक्षण छीनना सामाजिक न्याय के विरुद्ध, शोषण मुक्ति मंच ने शीर्ष कोर्ट से फैसले पर पुनर्विचार की उठाई मांग

हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। बहरहाल, मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए परिजनों ने SIT गठित करने की मांग की थी तथा आगे सीबीआई जांच करवाने की भी मांग उठाई थी।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले की गंभीरता और परिजनों की मांग को देखते हुए SIT का गठन कर दिया है। टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं, परिजनों की शिकायतों और संस्थान के रवैये की भी जांच करेगी।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More