पांवटा साहिब : गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल (GNMPS) पांवटा साहिब के विद्यार्थियों का राजस्थान शैक्षणिक भ्रमण खास बन गया।
जयपुर पहुंची स्कूल टीम ने जयपुर राजघराने के सवाई पदमनाभ सिंह से विशेष मुलाकात की। विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन के सदस्यों को उनसे सीधे संवाद करने और उन्हें शुभकामनाएं देने का अवसर मिला।
यह मुलाकात राजमाता पद्मिनी के जन्मदिवस के अवसर पर हुई। स्कूल प्रबंधन ने इस विशेष अवसर को ‘ए रॉयल एनकाउंटर इन जयपुर’ यानी जयपुर में एक शाही मुलाकात का नाम दिया।
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक परंपराओं और राजशाही स्थापत्य कला से प्रत्यक्ष रूप से परिचित करवाना था।
मुलाकात के दौरान स्कूल के डायरेक्टर गुरजीत सिंह सैनी ने महाराजा सवाई पदमनाभ सिंह का पारंपरिक रूप से सम्मान किया। उन्हें सरोपा और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने महाराजा के साथ समय बिताया और राजस्थान के शाही इतिहास व संस्कृति को करीब से जानने का अनुभव हासिल किया।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक यात्राएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यावहारिक शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। किताबों में इतिहास और संस्कृति पढ़ने के साथ जब विद्यार्थियों को उन्हें प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिलता है, तो सीखने का अनुभव और अधिक प्रभावी बनता है।
स्कूल परिवार ने इस यात्रा को विद्यार्थियों के लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव बताया। प्रबंधन के अनुसार राजस्थान भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहर को करीब से समझने का अवसर मिला।
