सोलन : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को सोलन जिला के गण की सेर स्थित विद्या भारती हिमाचल द्वारा संचालित माधव सृष्टि बहु-आयामी शिक्षण संस्थान में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर हिमाचल शिक्षा समिति, विद्या भारती तथा इससे संबंधित सभी लोगों को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और अंतिम व्यक्ति तक सेवा के आदर्शों को स्मरण करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के लिए सेवा केवल विशेष अवसरों पर किया जाने वाला कार्य नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के साथ गांधी जी के विशेष जुड़ाव का उल्लेख भी किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गांधी जी की यात्राओं से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पहलुओं पर शोध और उनका दस्तावेजीकरण के विनोद भारद्वाज के प्रयास सराहनीय हैं।
राज्यपाल ने ‘गांधी इन शिमला’ पुस्तक के लेखक विनोद भारद्वाज को हिमाचल के इतिहास के इस महत्वपूर्ण पक्ष के दस्तावेजीकरण में उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान और रोजगार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि शिक्षा का मुख्य ध्येय बच्चों में चरित्र, अनुशासन, आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चेतना और सेवा की भावना का विकास करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हिमाचल शिक्षा समिति द्वारा विद्या भारती के मार्गदर्शन में 178 सरस्वती विद्या मंदिर संचालित किए जा रहे हैं।
माधव सृष्टि परिसर में शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, गौ-सेवा, औषधीय पौधों और कौशल विकास को एक साथ जोड़ने के प्रयास की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि माधव गौशाला देशी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि गौ-आधारित उत्पाद आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में सहायक हो रहे हैं।
इससे पहले विद्या भारती अखिल भारतीय महामंत्री देशराज ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्या भारती सरस्वती विद्या मंदिरों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रही है तथा आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा और राष्ट्रीय सेवा की भावना पर भी विशेष बल दे रही है।
योग भारती हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति ने दैनिक जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
हिमाचल शिक्षा समिति के अध्यक्ष मोहन केष्टा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सोलन नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक टी. साई दत्तात्रेय और अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।
