नाहन : जिला सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र के जमटा स्थित मां बालासुंदरी मंदिर परिसर में ऐतिहासिक एवं पारंपरिक दुर्गा अष्टमी मेला 18 और 19 अक्टूबर को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कबड्डी प्रतियोगिता, स्थानीय विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल दंगल मुख्य आकर्षण रहेंगे। मेले के सफल आयोजन को लेकर मां दुर्गा मेला कमेटी तैयारियों में जुटी है।
मेले से पहले 15 अक्टूबर को मां बाला सुंदरी मंदिर परिसर में जागरण व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 18 अक्टूबर को सुबह 8:15 बजे मेले का शुभारंभ होगा। शुभारंभ अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी जमटा प्रेम कंवर चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। सुबह 9 बजे कबड्डी प्रतियोगिता शुरू होगी, जबकि 11 बजे स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
मां भगवती का हवन
मेले के दूसरे दिन 19 अक्टूबर को सुबह 8 बजे मां भगवती दुर्गा का हवन होगा। दोपहर 1 बजे मुख्य अतिथि का आगमन और स्वागत किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे स्कूली बच्चों की ओर से मुख्य अतिथि का स्वागत किया जाएगा। दोपहर 2 बजे कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला होगा, जबकि शाम 4 बजे विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल में पहलवान कुश्ती के दांव-पेंच दिखाएंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी होंगे।
विजेता कबड्डी टीम को 51 हजार और ट्रॉफी
मां दुर्गा मेला कमेटी जमटा के आयोजकों के अनुसार मेले में होने वाली कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता को 51 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी। इससे खेल प्रतियोगिता में स्थानीय और बाहरी खिलाड़ियों के बीच रोमांच और प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार धार्मिक आयोजनों के साथ खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष स्थान दिया गया है, ताकि क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिले। सांस्कृतिक संध्या का शाम 7ः00 बजे शुभारंभ होगा, जिसमें कपिल शर्मा मुख्य कलाकार होंगे। मेला कमेटी ने क्षेत्रवासियों से भी मेले में पहुंचकर धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कबड्डी और दंगल का आनंद लेने की अपील की है।
