संगड़ाह/शिलाई : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के टीबी उन्मूलन अभियान के तहत संगड़ाह स्वास्थ्य खंड की 10 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत का दर्जा मिलने पर सम्मानित किया गया। इनमें एक पंचायत को गोल्ड, तीन को सिल्वर और छह पंचायतों को ब्रॉन्ज पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी पंचायतों को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने की। इस दौरान बीएमओ संगड़ाह डॉ. सुनील कक्कड़ सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और माय भारत वॉलंटियर्स मौजूद रहे। टीबी मुक्त पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए गांधी प्रतिमा के पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. सुनील कक्कड़ ने पंचायत प्रधानों को टीबी उन्मूलन अभियान की जानकारी देते हुए पंचायत स्तर पर टीबी के लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और उपचार के लिए लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।
पंचायत प्रतिनिधियों से ‘निक्षय मित्र’ बनने और समाज के सक्षम लोगों को भी इस पहल से जोड़ने का आह्वान किया गया। उन्हें टीबी मरीजों को निक्षय मित्र पहल के तहत उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं अन्य सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर एचपीवी टीकाकरण को लेकर भी पंचायत प्रधानों को जागरूक किया गया। उनसे पंचायत क्षेत्र की पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने तथा इसके लाभों की जानकारी समुदाय तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।
मिल्लाह पंचायत को मिला ब्रॉन्ज मेडल
जिला सिरमौर की शिलाई तहसील की ग्राम पंचायत मिल्लाह ने भी टीबी उन्मूलन अभियान में बेहतर कार्य करते हुए टीबी मुक्त पंचायत का गौरव हासिल किया है। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की ओर से पंचायत को ब्रॉन्ज मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसडीएम, बीएमओ और बीडीओ के मार्गदर्शन में मिली इस उपलब्धि पर पंचायत क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पंचायत प्रधान बिजमा ठुन्डू और पंचायतवासियों ने इस उपलब्धि का श्रेय पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
टीबी उन्मूलन की दिशा में पंचायत स्तर पर किए गए प्रयासों से मिल्लाह को यह सम्मान मिला है। इस अवसर पर पंचायत प्रधान बिजमा ठुन्डू और समस्त पंचायतवासियों को बधाई दी गई तथा भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं टीबी उन्मूलन अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की गई।
