मंडी : जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करिअर सेंटर, मंडी के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के इच्छुक एवं पात्र युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रोजगार का अवसर उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह भर्ती मै. वर्तिव गल्फ एलएलसी, यूएई के लिए इलेक्ट्रिशियन व फिटर पदों पर की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि यह भर्ती हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवल्पमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हिमाचल प्रदेश सरकार के उपक्रम के सहयोग/माध्यम से तथा एसीएमई इंटरप्राइजेज, मुंबई भर्ती एजेंट के रूप में की जा रही है।
इसके लिए अभ्यर्थी का संबंधित ट्रेड में आईटीआई या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। फ्रेशर व अनुभवी दोनों आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 20 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 1100 से 1300 एईडी (भारतीय रुपये के हिसाब से लगभग 34,200 रुपये) प्रति माह का वेतन (8 घंटे की ड्यूटी) दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त निर्धारित नियमों के अनुसार ओवरटाइम का भुगतान भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार की शर्तों एवं अनुबंध के अनुसार भोजन अथवा भोजन भत्ता, आवास, परिवहन, नियोक्ता द्वारा वीजा, चिकित्सा सुविधा, साप्ताहिक अवकाश तथा अन्य लागू सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष एक माह का सवेतन अवकाश एवं हवाई टिकट के लिए 2700 एईडी का प्रावधान बताया गया है। अभ्यर्थी के पास वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।
जिन उम्मीदवारों के पास पासपोर्ट नहीं है, वे भी अप्लाई कर सकते हैं, लेकिन शर्त यह है कि चुने जाने के बाद उन्हें चयन की तारीख से 7 दिनों के अंदर पासपोर्ट बनवाना होगा। जिन उम्मीदवारों के पास वैध पासपोर्ट नहीं होगा, उन्हें भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी https://forms.gle/aqhvbcvqjar3a3fE8
लिंक का उपयोग कर सकते हैं। इच्छुक पात्र अभ्यर्थी 14 अक्टूबर, 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं।
पंजीकृत एवं पात्र अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार 16 एवं 17 अक्टूबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार स्थल की जानकारी पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उपलब्ध करवाई जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित निर्धारित शुल्क 35,400 रुपये एवं जीएसटी (30,000 रुपये सेवा शुल्क+ 5400 रुपये 18% जीएसटी एवं 1500 रुपये मेडिकल शुल्क) का भुगतान करना होगा।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों का प्रारंभिक अनुबंध न्यूनतम 2 वर्ष का होगा। वीजा प्राप्त होने के बाद अभ्यर्थी को 7 दिनों के भीतर यूएई के लिए प्रस्थान करना होगा।
वीजा/टिकट जारी होने के बाद अभ्यर्थी द्वारा यात्रा से इन्कार करने अथवा अनुबंध अवधि पूरी होने से पहले नौकरी छोड़ने की स्थिति में लागू नियमों के अनुसार संबंधित खर्च अभ्यर्थी को वहन करना पड़ सकता है।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।