पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के नवादा गांव की डॉ. अंजलि सैनी अब सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में स्त्री रोग विशेषज्ञ के तौर पर सेवाएं देंगी। पहले उनकी नियुक्ति शिमला जिले के सिविल अस्पताल चौपाल में की गई थी।
क्षेत्रवासियों की मांग पर हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य आपूर्ति निगम की निदेशक नसीमा बेगम ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष मामला उठाया, जिसके बाद नियुक्ति आदेशों में संशोधन किया गया। वह आज ज्वाइन करेंगी।
डॉ. अंजलि सैनी, नवादा निवासी जस्मेर सैनी की बेटी हैं। उनके चौपाल में नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद स्थानीय लोगों ने मांग उठाई थी कि उन्हें पांवटा साहिब में तैनाती दी जाए, ताकि क्षेत्र की महिलाओं को स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।
नसीमा बेगम ने लोगों की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। आग्रह स्वीकार किए जाने के बाद डॉ. अंजलि सैनी की तैनाती पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में करने के आदेश जारी हुए। उनकी नियुक्ति से अस्पताल में क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है। इसके साथ साथ महिलाओं को बाहरी राज्यों या निजी अस्पताल के चक्कर भी नहीं काटने पड़ेंगे।
डॉ. अंजलि सैनी की तैनाती पर क्षेत्रवासियों ने नसीमा बेगम का आभार जताया। नवादा गांव पहुंचने पर उनका स्वागत भी किया गया। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नसीमा बेगम का धन्यवाद किया।
