पांवटा साहिब : सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माजरा क्षेत्र में एक युवक को चिट्टा (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान सौरव सैणी उर्फ निशू सैणी निवासी क्यारदा, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि एसआईयू नाहन की टीम मिश्रवाला में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति पांवटा साहिब और माजरा सहित आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा स्मैक जैसा नशा बेचने का धंधा करता है।
वह आज भी चिट्टा बेचने के इरादे से पुरुवाला से पीपलीवाला की ओर आ रहा है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.35 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
