कालाअंब : नाहन पुलिस के डिटेक्शन सेल ने कालाअंब क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक महिला समेत पांच लोगों को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों से हजारों की नकदी भी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डिटेक्शन सेल की टीम खैरी पुल के पास कालाआंब-त्रिलोकपुर मुख्य सड़क पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा नंबर की कार (HR26BK7722) में सवार पांच लोग आसपास के क्षेत्र में चिट्टा बेच रहे हैं।
इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 30.40 ग्राम चिट्टा और 47,800 रुपये बरामद किए।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार उर्फ विक्की निवासी भुना, जिला फतेहाबाद (हरियाणा), राकेश मिश्रा निवासी मकान नंबर 243, शिव कॉलोनी, कालाअंब, हमीदपुर, नारायणगढ़ (हरियाणा), विक्की सैनी निवासी मकान नंबर 238, नारायणगढ़ रोड, कालाअंब (हरियाणा), निखिल निवासी मकान नंबर 421/11, बाल्मीकि मोहल्ला नाहन और शिवम (महिला का नाम) निवासी मकान नंबर 253, बाल्मीकि मोहल्ला नाहन, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ये कार्रवाई अमल के लाई गई। इन आरोपियों पर हरियाणा से मादक पदार्थ लाकर कालाअंब और त्रिलोकपुर क्षेत्र में बेचने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
