होमHimachalसिरमौर: स्कूल खुलते ही मच गया हड़कंप, फर्श पर पंजों के निशान......

सिरमौर: स्कूल खुलते ही मच गया हड़कंप, फर्श पर पंजों के निशान… दीवारों पर खून देख सहम उठे स्टाफ सदस्य और बच्चे

दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार सुबह जैसे ही स्कूल खुला, अंदर का नजारा देखकर स्टाफ सदस्यों और बच्चों में हड़कंप मच गया।

नाहन : दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार सुबह जैसे ही स्कूल खुला, अंदर का नजारा देखकर स्टाफ सदस्यों और बच्चों में हड़कंप मच गया। फर्श पर पंजों के गहरे निशान थे, तो ऊपरी मंजिल की दीवारें खून से सनी थीं। स्कूल के भीतर यह मंजर देखकर अचानक खौफ का माहौल बन गया।

मामला हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की राजकीय माध्यमिक पाठशाला बाग हाबड़ा (GMS Bag Habra) का है, जहां मिले निशानों से आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ किसी जानवर का शिकार करने के बाद स्कूल परिसर तक पहुंचा था।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र की कमरऊ तहसील की ग्राम पंचायत भुजौण के तहत आने वाली इस पाठशाला में पंजों और खून के निशान देखकर स्कूल स्टाफ और बच्चे भी हैरान रह गए। स्कूल की धरातल वाली मंजिल पर पंजों के गहरे निशान मिले, जबकि ऊपरी मंजिल के बरामदे की बाहरी दीवारों पर खून लगा हुआ था। बाद में स्कूल स्टाफ ने सूख चुके खून से सनी दीवारों को साफ किया।

ये भी पढ़ें:  JNV चयन परीक्षा- 2027 के लिए 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन पंजीकरण, 28 नवंबर को परीक्षा प्रस्तावित: DC

शिकार को लेकर स्कूल तक पहुंचा तेंदुआ?
स्कूल परिसर में मिले फुट प्रिंटस को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि तेंदुआ किसी जानवर का शिकार करने के बाद उसे यहां तक लेकर आया। यह भी आशंका है कि शिकार को दीवार से पटकने या उसके छटपटाने के दौरान दीवारों पर खून के निशान लगे हों। हालांकि, घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

विद्यालय प्रभारी चंद्र प्रकाश ने बताया कि स्कूल परिसर में तेंदुए के पंजों के निशान मिले हैं। ऊपरी मंजिल में बरामदे की बाहरी दीवारों पर भी खून के निशान पाए गए। उन्होंने कहा कि अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुआ किसी जानवर का शिकार करने के बाद स्कूल परिसर तक पहुंचा होगा। यह भी संभव है कि शिकार तेंदुए के चंगुल से छूटने के लिए छटपटाया हो और दीवार से रगड़ लगने के कारण खून के निशान बने हों। फिलहाल, निशानों के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।

ये भी पढ़ें:  राजस्थान में हिमाचल की हैंडबॉल टीम की कमान संभालेंगे धर्मेंद्र चौधरी, बने 'चीफ द मिशन'

आसपास के गांवों में भी तेंदुए की दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाग हाबड़ा और आसपास के गांवों में इन दिनों तेंदुए की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ आए दिन पशुओं को अपना शिकार बना रहा है। इस संबंध में वन विभाग से शिकायत भी की गई है।

स्कूल परिसर में पंजों और खून के निशान मिलने से क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी पर ध्यान देने और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में 23 से 25 अक्टूबर तक सजेगा यमुना शरद् महोत्सव, देश-प्रदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां: द्विज गोयल
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More