होमHimachalSirmaurनाहन में 13 से 15 अक्टूबर तक लगेंगे 'सेवा सेतु' शिविर, छत...

नाहन में 13 से 15 अक्टूबर तक लगेंगे ‘सेवा सेतु’ शिविर, छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए मिलेगी सब्सिडी और लोन की जानकारी

शिविरों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए चार विशेष सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे।

नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के परिचालन वृत्त नाहन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने तथा पात्र परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 13, 14 और 15 अक्तूबर को तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं उपभोक्ता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन परिचालन सर्कल नाहन द्वारा किया जा रहा है।

उप मुख्य अभियंता, परिचालन वृत्त नाहन लोकेश ठाकुर ने बताया कि विद्युत भवन, शिमला के मुख्य अभियंता (प्रशासन) के निर्देशों के अनुसार इन शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों से अवगत करवाना, पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाना और योजना से संबंधित तकनीकी एवं वित्तीय जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है।

ये भी पढ़ें:  खेलों में विशेष उपलब्धि के लिए कोच धर्मेंद्र चौधरी सहित इन 4 छात्राओं को सम्मान, SDM ने नवाजा

शिविरों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए चार विशेष सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इनमें उपभोक्ता पंजीकरण डेस्क के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना के राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण में सहायता प्रदान की जाएगी।

संबद्ध विक्रेता डेस्क पर सरकार द्वारा अधिकृत सोलर कंपनियों के प्रतिनिधि उपलब्ध रहेंगे, जहां उपभोक्ता अपनी छत की क्षमता के अनुसार सोलर पैनल का आकार (1 किलोवाट, 2 किलोवाट, 3 किलोवाट या अधिक), लागत, उपकरणों की वारंटी तथा नेट-मीटरिंग से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसी प्रकार, बैंकिंग ऋण सहायता डेस्क पर प्रमुख सरकारी बैंकों के प्रतिनिधि उपलब्ध रहेंगे। यहां योजना के तहत दो लाख रुपये तक के सोलर ऋण पर 5.75 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में 85 लाख रुपये के लालच में पति ने रची पत्नी की फर्जी मौत की साजिश, जानिए पूरा मामला

पात्र उपभोक्ताओं को बिना किसी अतिरिक्त गारंटी के ऋण सुविधा प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। वहीं, योजना परामर्श डेस्क के माध्यम से उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी, पात्रता नियमों तथा नेट-मीटरिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा।

विद्युत बोर्ड ने नाहन शहर एवं आसपास के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 13 से 15 अक्तूबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक आयोजित इन शिविरों में भाग लें।

उपभोक्ता अपने नवीनतम बिजली बिल तथा आधार कार्ड के साथ पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करने और पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता लेने का लाभ उठा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने बढ़ाए मदद के हाथ, जरूरतमंद लड़की की शादी के लिए भेंट किया आवश्यक सामान

इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, बिजली खर्च में संभावित बचत करने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

Latest Articles

Explore More